मैनपाट में पर्यटन को नई दिशा देने की तैयारी, गुटखा तंबाकू पर रोक से लेकर पर्यटकों की सुविधाओं तक विधायक ने लिए बड़े फैसले

 अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट को स्वच्छ और बेहतर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर सख्ती की तैयारी है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मैनपाट के अलग अलग पर्यटन स्थलों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गंदगी को लेकर नाराजगी जताई और पर्यटन स्थलों पर गुटखा, तंबाकू और सिगरेट की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

दुकानों में तंबाकू उत्पाद मिले तो रद्द होगा आवंटन

निरीक्षण के दौरान पर्यटन स्थलों पर गुटखा और तंबाकू के कारण फैली गंदगी का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। विधायक ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि जिन दुकानों में गुटखा, तंबाकू या सिगरेट की बिक्री पाई जाती है, उनका आवंटन तत्काल रद्द किया जाए।विधायक ने कहा कि मैनपाट की पहचान सिर्फ छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है। देश के अलग अलग हिस्सों से पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटन स्थलों पर गुटखा थूकने और कचरा फैलने से न केवल स्वच्छता प्रभावित होती है, बल्कि पर्यटन स्थल की छवि पर भी असर पड़ता है।

महिला पर्यटकों की सुविधा के लिए सड़क किनारे बनेंगे शौचालय

पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी योजना तैयार की जा रही है। मैनपाट के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाली सड़कों के किनारे पर्याप्त संख्या में शौचालय और यात्री प्रतीक्षालय बनाने की बात कही गई है।इस व्यवस्था का सबसे ज्यादा लाभ महिला पर्यटकों और परिवार के साथ मैनपाट पहुंचने वाले लोगों को मिलने की उम्मीद है। पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने से पर्यटकों की परेशानी कम करने पर जोर दिया जा रहा है।

पर्यटन सीजन में बक्साइट ट्रकों की आवाजाही पर भी लगेगी पाबंदी

मैनपाट में बढ़ती पर्यटकों की संख्या के बीच यातायात व्यवस्था को लेकर भी अहम बदलाव की तैयारी है। पिछले एक साल में एक लाख से ज्यादा पर्यटकों के पहुंचने के बाद पर्यटन सीजन और भीड़ वाले समय में बक्साइट से लदे भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने का फैसला लिया गया है।प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार सुबह 9 बजे से 10 बजे तक बक्साइट लोड ट्रकों की आवाजाही रोकी जाएगी। शाम के समय भी करीब दो घंटे तक भारी वाहनों को मैनपाट की सड़कों पर चलने की अनुमति नहीं होगी।

स्वच्छता और बेहतर यातायात पर जोर, पर्यटन को सुविधाजनक बनाने की तैयारी

मैनपाट में तंबाकू उत्पादों पर रोक, पर्यटकों के लिए शौचालय और प्रतीक्षालय की सुविधा तथा भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की योजना का उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है। इन फैसलों के लागू होने के बाद मैनपाट में पर्यटकों के लिए स्वच्छता, सुविधा और यातायात व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Related posts

Leave a Comment