बिलासपुर। शहर के सरकंडा इलाके से लगे होटल हेवन्स पार्क के बार में बिल को लेकर हुए विवाद ने देर रात हंगामे का रूप ले लिया। शिकायत के मुताबिक दोस्तों के साथ बार पहुंची एक युवती ने बिल की रकम को लेकर आपत्ति जताई और विवाद के दौरान महिला कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवती ने कर्मचारी के बाल खींचे, जिससे उसके सिर में चोट आई। इसके अलावा बार के वॉशरूम का शीशा और गमले भी तोड़ दिए गए।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले 10 हजार, फिर 5 हजार का बिल देने की बात
बार के सर्विस डिपार्टमेंट में काम करने वाली अंजना दीवान के मुताबिक शनिवार रात युवती अपने कुछ दोस्तों के साथ बार पहुंची थी। उसे टेबल नंबर 26 पर बैठाया गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि समूह ने बीयर, शराब और खाने-पीने का ऑर्डर दिया।बिल तैयार होने के बाद युवती को करीब 10 हजार रुपये का बिल दिया गया। युवती ने रकम पर आपत्ति जताई और केवल खाने-पीने के सामान का अलग बिल मांगा। इसके बाद करीब 5 हजार रुपये का दूसरा बिल तैयार कर दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद भी भुगतान को लेकर विवाद बना रहा।
रकम मांगने पर मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार जब कर्मचारी ने बिल का भुगतान करने के लिए कहा तो युवती नाराज हो गई और बार से बाहर जाने लगी। उसे रोकने की कोशिश की गई तो कथित तौर पर उसने अंजना के बाल पकड़ लिए और मारपीट की।इस दौरान कर्मचारी के सिर में चोट लगने की बात भी शिकायत में कही गई है। आरोप है कि युवती ने गुस्से में बार के वॉशरूम का शीशा और वहां रखे गमले भी क्षतिग्रस्त कर दिए।
पुलिस के पहुंचने के बाद भी जारी रहा विवाद
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बावजूद युवती शांत नही हुई। इसके बाद वह होटल से बाहर निकली और कार में बैठकर चली गई।बार प्रबंधन की ओर से आरोप लगाया गया है कि युवती ने बिल का भुगतान नही किया। घटना को लेकर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस खंगाल सकती है CCTV फुटेज
घटना होटल परिसर में हुई होने के कारण जांच में CCTV फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकता है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ घटना के दौरान मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों से भी जानकारी ले सकती है। युवती की ओर से मामले में कोई अलग पक्ष सामने आया है या नही, इसकी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नही है।