रायपुर।रायपुर के पुरानी बस्ती में रहने वाले कई हिंदू परिवारों को वक्फ बोर्ड ने नोटिस थमा दिया है, जिसमें दावा किया गया है कि उनके मकान वक्फ बोर्ड की जमीन पर बने हुए हैं। नोटिस में परिवारों को दो दिन के भीतर कलेक्टर के सामने पेश होकर जवाब देने के लिए कहा गया है, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि, यह नोटिस दिवाली से ठीक एक दिन पहले जारी किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि वे पिछले 60-70 वर्षों से इस जमीन पर रह रहे हैं और उनके पास 1948 और 1965 की रजिस्ट्री के दस्तावेज हैं। उनका आरोप है कि वक्फ बोर्ड ने कभी भी इस जमीन पर दावा नहीं किया, लेकिन अब अचानक नोटिस थमाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
भाजपा नेता संदीप शर्मा पार्षद ने भी इस नोटिस का खुला विरोध किया है और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जताई है । दशकों से रह रहे परिवार को नोटिस मिलने से लोगों में काफी आक्रोश है।
