नोएडा। नोएडा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां अस्पताल की लापरवाही की वजह से एक नवजात बच्ची का हाथ सढ़ गया और उसे काटने तक की नौबत आ गई। इस घटना के बाद परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस में की।
दरअसल, बच्ची का जन्म 5 अक्टूबर को हुआ था जिसे इलाज के लिए नर्सिंग होम में भर्ती किया गया था। जहां नर्सिंग स्टाफ ने बच्ची को इंजेक्शन लगाया और उसके थोड़ी देर बाद ही बच्ची का हाथ नीला पड़ गया। वहीं परिजनों ने डॉक्टरों से इसकी शिकायत की तो उन्हें उपचार का भरोसा दिया गया। लेकिन बच्ची की तबीयत धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई। जिसके बाद उसे दूसरे अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके हाथ की स्थिति इतनी खराब है कि उसे काटने की नौबत आ सकती है।
इस बात से नाराज परिजनों ने गोपाल नर्सिंग होम के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस को दी गई शिकायत में शिवम भाटी ने कहा कि डॉक्टरों की लापरवाही की वजह से उनकी बेटी का हाथ काटने की स्थिति में पहुंच गया है।