भारत की बेटियों ने रचा नया इतिहास: महिला क्रिकेट टीम विश्वकप के फाइनल में पहुँची

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महिला क्रिकेट विश्वकप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर भारत की ऐतिहासिक जीत पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जब हर गेंद पर परिस्थिति चुनौतीपूर्ण थी, तब भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अदम्य साहस, संयम और दृढ़ निश्चय के साथ खेल का रुख ही बदल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विजय न केवल भारतीय क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि यह देश की हर बेटी के आत्मविश्वास, संघर्षशीलता और समर्पण का प्रतीक भी है। खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि सच्चा खिलाड़ी वही है जो कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानता और अपने जुनून से नया इतिहास रच देता है।

श्री साय ने कहा कि टीम इंडिया की यह सफलता पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। हमारी बेटियों ने साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि फाइनल मुकाबले में भी भारतीय टीम इसी जज़्बे और आत्मविश्वास के साथ विजयी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वकप के फाइनल में पहुँचकर भारत की बेटियों ने सम्पूर्ण राष्ट्र का मस्तक ऊँचा किया है। यह उपलब्धि केवल खेल की जीत नहीं, बल्कि “नए भारत की नारी शक्ति” के उदय और उसकी असीम संभावनाओं का उज्जवल प्रतीक है।

Related posts

Leave a Comment