सूरजपुर : बिजली उपभोक्ता से बने ऊर्जा उत्पादक, पीएम सूर्य घर योजना ने बदली यश गोयल की सोच

यश गोयल ने अपने घर की छत पर पीएम सूर्य घर योजना के तहत 5 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया है

5 किलोवाट सोलर प्लांट से हर महीने हजारों रुपये की बचत, ग्रीन एनर्जी अपनाने की लोगों से की अपील

सूरजपुर/28 जुलाई 2026

प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित पीएम सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। योजना के माध्यम से लोग अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर न केवल बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत कर रहे हैं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में भी अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
                 सूरजपुर जिले के भैयाथान रोड निवासी श्री यश गोयल इस योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में प्रेरणादायक उदाहरण बने हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 05 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया है। इसके लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78,000रू. की सब्सिडी प्राप्त हुई, वहीं राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही 30,000रू. की अतिरिक्त अनुदान राशि का भी लाभ मिला।
                  श्री गोयल बताते हैं कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 6,000रू. आता था। सौर संयंत्र स्थापित होने के बाद बिजली बिल में भारी कमी आई है। अब प्रतिदिन उत्पन्न होने वाली बिजली का उपयोग वे अपनी घरेलू आवश्यकताओं के लिए करते हैं तथा अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड के माध्यम से विभाग को उपलब्ध कराई जाती है।
                 श्री यश गोयल गर्व के साथ कहते हैं, ‘एक समय था जब हम केवल बिजली के उपभोक्ता थे, लेकिन आज हम बिजली का उत्पादन भी कर रहे हैं।’ उनके अनुसार यह योजना आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
                 श्री यश गोयल ने जिले के अन्य नागरिकों से भी पीएम सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की अपील की है। उनका कहना है कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा अपनाकर न केवल बिजली खर्च कम किया जा सकता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने इस जनहितकारी योजना के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Related posts

Leave a Comment