नकली लेबल-होलोग्राम से शराब की पैकेजिंग का खेल, 6 और आरोपी गिरफ्तार; 62 बोतल समेत 1.50 लाख का सामान जब्त

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के कारोबार और नकली लेबल-होलोग्राम के जरिए शराब की पैकेजिंग से जुड़े मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। डोंगरगढ़ थाना और मोहारा पुलिस चौकी की टीम ने 21 सितंबर को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से अलग-अलग ब्रांड की शराब के साथ नकली होलोग्राम स्टीकर, शराब के लेबल, ढक्कन, मोबाइल फोन और दो वाहन सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में कुल 62 नग शराब जब्त हुई, जिसकी मात्रा 11.160 लीटर और अंकित कीमत 3,368 रुपये है। शराब और अन्य जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

Grand i10 से मिली 21 बोतल शराब

अपराध क्रमांक 537/2026 की जांच के दौरान पुलिस ने मोहारा निवासी कुमार वर्मा को पकड़ा। उसके कब्जे से सिल्वर रंग की Grand i10 कार जब्त की गई। कार की तलाशी में 180 एमएल की 21 बोतल रॉयल गोआ व्हिस्की मिली। इनकी कुल मात्रा 3.780 लीटर और अंकित कीमत करीब 798 रुपये बताई गई है।मामले की जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर कुमार वर्मा की पत्नी दिनेश्वरी वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ अलग से शराब की जब्ती दर्ज नहीं है।

नकली होलोग्राम और शराब के लेबल भी बरामद

मोहारा निवासी पूरन वर्मा के पास से पुलिस को अधजला होलोग्राम स्टीकर, अधजला जम्मू शराब का लेबल, राख का अवशेष और Redmi-12 मोबाइल फोन मिला। वहीं राजेश्वर वर्मा के कब्जे से 15 होलोग्राम स्टीकर, जम्मू स्पेशल व्हिस्की का एक लेबल और पांच लाल रंग के ढक्कन जब्त किए गए हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन लेबल और होलोग्राम का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था और इन्हें आरोपियों तक कौन पहुंचा रहा था।

एक्टिवा से भी मिली शराब

डोंगरगढ़ के बुधवारी पारा निवासी ओमप्रकाश साहू के पास से 5 नग रॉयल गोआ व्हिस्की और 16 नग सुपर छत्तीसगढ़ शराब बरामद की गई। कुल 21 नग शराब की मात्रा 3.780 लीटर बताई गई है, जिसकी अंकित कीमत करीब 1,790 रुपये है।उसके कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की काले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की गई है।इसी कार्रवाई में मुढ़िया निवासी गौतम बाई के पास से 180 एमएल की 20 नग रॉयल गोआ स्ट्रीट व्हिस्की मिली। इनकी कुल मात्रा 3.600 लीटर और अंकित कीमत करीब 780 रुपये है। पुलिस के मुताबिक इन बोतलों पर उत्तराखंड का लेबल लगा हुआ था। आरोपी के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पहले भी छह आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक इस मामले में इससे पहले दऊआ वर्मा, नंद किशोर वर्मा, तेजेश्वर साहू, देवव्रत वर्मा, आनंद अग्रवाल और जयकरण सिन्हा की गिरफ्तारी हो चुकी है। पिछली कार्रवाई में भी अवैध शराब के अलावा शराब के लेबल, होलोग्राम स्टीकर, खाली बोतल, ढक्कन और प्रिंटिंग व पैकेजिंग से जुड़ी सामग्री बरामद की गई थी।

मोबाइल और UPI लेन-देन की भी जांच

पुलिस अब मामले को केवल शराब की बरामदगी तक सीमित नहीं रख रही है। जब्त मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिले डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है। इसके अलावा UPI लेन-देन और कॉल डिटेल की भी पड़ताल की जा रही है।जांच में साक्ष्य मिटाने या नष्ट करने, आपराधिक साजिश और सामूहिक रूप से अपराध किए जाने से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया गया है।

नकली लेबल से लेकर सप्लाई नेटवर्क तक जांच

पुलिस शराब के वास्तविक स्रोत का पता लगाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि नकली लेबल और होलोग्राम कहां से हासिल किए गए। इनकी पैकेजिंग, परिवहन और वितरण में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।जब्त शराब, लेबल, होलोग्राम और पैकेजिंग सामग्री को आबकारी विभाग के जरिए जांच के लिए भेजा जा रहा है। जरूरत पड़ने पर FSL और संबंधित निर्माण इकाइयों से भी सत्यापन कराया जाएगा।इस मामले में फरार आरोपियों और पहले गिरफ्तार किए जा चुके लोगों के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच से सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

Leave a Comment