मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले केरल-ओडिशा के सांसद, धर्मांतरण प्रकरण पर हुई चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से  केरल और ओडिशा के सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय, महानदी भवन में सौजन्य मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में हाल ही में सामने आए धर्मांतरण प्रकरण को लेकर चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे — लोकसभा सांसद बेनी बेहनन (चलाकुडी), के. फ्रांसिस जॉर्ज (कोट्टायम), एन. के. प्रेमचंद्रन (कोल्लम), सप्तगिरि उल्का (कोरापुट) और केरल विधानसभा सदस्य रोजी एम. जॉन। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को मामले की जानकारी और अपनी चिंताएं साझा कीं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ एक शांतिप्रिय और समरसता में विश्वास रखने वाला राज्य है, जहाँ सभी धर्मों के लोग आपसी सौहार्द से रहते हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि धर्मांतरण से जुड़ी जांच पूरी तरह न्यायिक प्रक्रिया के तहत की जा रही है और कानून स्वतंत्र रूप से अपना कार्य कर रहा है।

सीएम साय ने दोहराया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बेटियों और नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों के प्रति सजग है और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related posts

Leave a Comment