दुर्ग, जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद भागने की फिराक में लगे आरोपी पति को कुम्हारी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फौरन हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वारदात कुम्हारी के वार्ड नंबर 4, महामाया पारा की है। 2 अगस्त की सुबह लगभग 8:15 बजे 24 वर्षीय घनश्याम यादव का अपनी पत्नी दुर्गा यादव (24 वर्ष) से विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और धारदार हथियार (हंसिया/परसुल) से पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अत्यधिक खून बह जाने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी परिजनों द्वारा तुरंत कुम्हारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घेराबंदी कर आरोपी घनश्याम यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौका-ए-वारदात से खून से सना हथियार भी जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर लगातार शक करता था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। इसी वैवाहिक कलह के चलते उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि “किसी भी तरह के पारिवारिक या व्यक्तिगत विवाद में कानून हाथ में न लें। समस्याओं का समाधान शांतिपूर्वक ढंग से निकालें या पुलिस व कानूनी प्रक्रिया की मदद लें। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”