जशपुरनगर, 21 फरवरी 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपना 61 वाँ जन्मदिवस मना रहे हैं। जन्मदिन के इस पावन अवसर पर बगिया में श्री सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन हुआ। इसमें मुख्यमंत्री, उनकी माता जसमनी देवी, धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ परिवारजनों, स्वजनों एवं बंधु-बांधव भी शामिल हुए और पूरे भक्तिभाव से कथा का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने पूरे विधि विधान से भगवान श्री सत्यनारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश वासियों की सुख- समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।
इस दौरान सांसद राधेश्याम राठिया सहित बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की बधाई देने आए लोगों ने श्री सत्यनारायण व्रत कथा में बह रही भक्तिरस का आनंद लिया। सत्यनारायण व्रत कथा के उपरांत मुख्यमंत्री ने प्रियजनों के द्वारा लाए गए केक को सबसे पहले अपनी माता को अपने हाथों से खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान यहां पर आए सभी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और जन्मदिन पर बगिया में उनके निज निवास पर आकर बधाई देने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने अपने साथी, मित्रों, ग्रामीणों एवं बच्चों से आत्मीयता से की मुलाकात
जन्मदिवस पर घर आगमन की सूचना से उनके गृह ग्राम बगिया में सुबह से ही लोगों का बगिया आना प्रारम्भ हो गया। जहां दोपहर होते होते बड़ी संख्या में लोग बगिया पहुंच गए थे। यहां कोई अपने दोस्त तो कोई अपने साथी, तो किसी ने अपने परिजन, कोई भाई तो कोई सहयोगी के रूप में अपने प्रिय विष्णुदेव साय से मिलकर उन्हें उनके जन्मदिवस पर आशीष देने को आतुर दिखे। विष्णु भैय्या जिंदाबाद के नारों के बीच सभी उनकी लंबी उम्र के लिए आशीष देते दिखे। यहां पर एक अलग ही नजारा देखने को मिल रहा था लोग अपनी खुशी से बच्चे एवं आये लोगों को चॉकलेट एवं मिठाईयां बाटते हुए दिख रहे थे, तो कुछ लोग खुशी से शुभाशीष के गीत गा रहे थे। इस गांव में कुछ ऐसे बुजुर्ग भी थे, जिन्होंने बचपन से मुख्यमंत्री को बच्चे के रूप में खेलते कूदते एवं बड़े होने के बाद उनके संघर्षों को भी देखा, उन्हें बहुत खुशी थी कि आज उनके गांव का साधारण सा लड़का अपनी मेहनत से आज मुख्यमंत्री बन गया है। ये उनके चेहरे पर दिख रही खुशी से साफ झलक रहा था। उनके प्रियजनों का जनसैलाब देख मुख्यमंत्री ने सभी से एक एक कर मुलाकात की और सभी को उनके आशीष के लिए आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि आपका प्यार, विश्वास और स्नेह हमें ताकत प्रदान करता है। आपके आशीर्वाद एवं स्नेह देने के लिए वह आभारी हैं और उनकी कामना है कि आप सभी का प्यार और समर्थन हमें हमेशा मिलता रहे।
मां का आशीर्वाद, सत्यनारायण पूजा और शुभकामनाओं का तांता, जन्मदिन पर कुछ इस तरह गुजरा मुख्यमंत्री का पूरा दिन
